बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। जाननसठ थाना पुलिस ने बिजली की लाइन के तार काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एलटी लाइन के सात बंडल तार, तार काटने वाला कटर, तीन तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल ईको कार बरामद की है। घटना में तीन अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है। मामला गत माह की 29 और 30 की रात का है, ग्राम खेड़ चौगावा मकसूदाबाद के जंगल में अज्ञात चोरों ने एलटी विद्युत लाइन के तार काटकर चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम इस मामले की जाँच कर रही थी | गिरफ्तार किए गए लोग सद्दाम, गौरव, वकील और सुमित मेरठ जनपद के रहने वाले है। वहीं फरमान मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की नई आबादी का मूल निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के मुस्तफाबाद में रह रहा था। फरमान दिल्ली में कबाड़ की दुकान चलाता है और चोरी किए गए तार खरीदने में भी उसकी भूमिका सामने आई है। गिरफ्तार किए गए लोगों के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी भी सामने आई है। कुछ के खिलाफ दौराला और मीरापुर थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर विद्युत तार चोरी के मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की है। घटना में शामिल तीन अन्य लोगों की तलाश के साथ चोरी का माल खरीदने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत लाइन के तार चोरी करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर चोरी के तार, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है। पूछताछ में तीन अन्य साथियों के शामिल होने की जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक तोमर, अक्षय कुमार तथा मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, राहुल कुमार, सचिन कुमार, तुषार विश्नोई, राम विकास और संजय कुमार शामिल रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पत्रकारों को कवरेज से रोकने और अवैध डिटेंशन के मामलों की जाँच की माँग

नशे के सौदागरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा, ग्रामीणों और चौसाना चौकी प्रभारी में नोकझोंक

फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों का धरना जारी