नशे के सौदागरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा, ग्रामीणों और चौसाना चौकी प्रभारी में नोकझोंक
नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर टकराव, चौकी प्रभारी पर धमकाने का आरोप*
*चौसाना।* क्षेत्र में स्मैक बिक्री के खिलाफ आवाज उठाना ग्रामीणों के लिए विवाद का कारण बन गया। नशे के विरोध में पंचायत करने वाले संभ्रांत लोगों और चौसाना चौकी प्रभारी राहुल कुमार के बीच एसपी शामली के नाम ज्ञापन देने के दौरान तीखी नोकझोंक हो गई।
ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी पर शिकायतकर्ताओं को धमकाने और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
चौसाना चौकी के निकट स्थित जय भारत किसान इंटर कॉलेज में क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने नशे के विरोध में एक पंचायत का आयोजन किया था, जिसमें सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हुए। इसके बाद सभी एकमत होकर चौकी चौसाना परिसर में पहुंचे और एसपी शामली को संबोधित ज्ञापन चौकी प्रभारी राहुल कुमार को सौंपा।
*ज्ञापन देते समय हुआ विवाद*
आरोप है कि वहां नेपाल सिंह व यशपाल सिंह को देखकर चौकी प्रभारी हड़बड़ा गए और वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत करने पर जमकर बहस हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उन्हें चौकी से चले जाने और जहां शिकायत करनी हो वहां करने की बात कही।
ग्रामीणों ने ज्ञापन को गंभीरता से लेकर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का अनुरोध किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
*"चौसाना को पंजाब नहीं बनने देंगे"*
समाजसेवी उग्र सिंह ने चौकी प्रभारी के कथित रवैये को तानाशाहीपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का उद्देश्य क्षेत्र को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो चौकी और एसपी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम चौसाना को पंजाब नहीं बनने देंगे।"
*चौकी प्रभारी का पक्ष*
वहीं पूरे प्रकरण पर चौकी प्रभारी राहुल कुमार का कहना है कि उन पर निराधार आरोप लगाए गए हैं और जिन लोगों के नाम पर शिकायत की गई उनका नशे से कोई मतलब नहीं है। उनके साथ कोई हॉट-टॉक नहीं हुई।
पंचायत के दौरान महावीर सिंह, चंद्रभान, शेखर, इसम सिंह, योगेन्द्र सिंह, राजबीर, दीपेन्द्र चौहान, उमर सिंह आर्य, बलजीत सिंह, महक सिंह, नेपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
*बयान:*
> *हेमंत कुमार, सीओ कैराना ने कहा -* "चौकी प्रभारी द्वारा अभद्रता करने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। पूरे मामले की जांच कराने के उपरांत उचित कार्रवाई होगी।"
> *यशपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष किसान-मजदूर संघ ने कहा -* "हम लोग नशे के विरोध में एकमत होकर ज्ञापन देने गए थे। हमें देखकर चौकी प्रभारी भड़क गए। हम नशे के खिलाफ खड़े हैं और लड़ेंगे।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें